पेंड्रा में दो सड़क हादसे, एक की मौत; तीन लोग गंभीर रूप से घायल

पेंड्रा क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा नेशनल हाईवे-45 पर हुआ, जबकि दूसरा भाड़ी गांव में हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
NH-45 पर ट्रैक्टर-टैंकर पलटा
नेशनल हाईवे-45 पर सड़क निर्माण कार्य में लगा ट्रैक्टर-टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में खोडरी निवासी चालक रोहित प्रजापति ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही खोडरी चौकी प्रभारी सनत मात्रे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बाइक पेड़ और बिजली खंभे से टकराई
दूसरा सड़क हादसा भाड़ी गांव में हुआ। यहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ और बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। तीनों का इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों सड़क हादसों को लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।











