नगर सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6.30 लाख की ठगी, 15 किस्तों में लिए रुपए

दुर्ग जिले के चंदखुरी गांव में नगर सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख 30 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला के पति को भरोसा दिलाया था कि नगर सेना के एक अधिकारी से उसकी अच्छी पहचान है और वह नौकरी लगवा सकता है। नौकरी की उम्मीद में पीड़ित परिवार ने आरोपी को अलग-अलग किस्तों में रकम दी।
15 किस्तों में लिए 6.30 लाख रुपए
आरोप के मुताबिक, आरोपी ने एकमुश्त रकम लेने के बजाय 15 अलग-अलग किस्तों में कुल 6 लाख 30 हजार रुपए लिए। रकम लेने के बाद भी महिला के पति की नगर सेना में नौकरी नहीं लगी। इसके बाद परिवार ने आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन उसने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
रकम मांगने पर गाली-गलौज का आरोप
शिकायत के अनुसार, जब पीड़ित परिवार ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने गाली-गलौज भी की। इसके बाद चंदखुरी निवासी किरण चंद्राकर ने पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी इसरार खान (44), निवासी चंदखुरी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की महिला के परिवार से पहले से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर उसने नगर सेना के अधिकारी से पहचान होने की बात कही और नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।











