नेपाल में लापता बिलासपुर की महिला को लेकर राहत की खबर, सुरक्षित होने की मिली जानकारी

नेपाल में आई आपदा के बीच बिलासपुर की 65 वर्षीय ब्यूटीशियन मंजु रॉय चौधरी के लापता होने की खबर से परेशान परिजनों को अब राहत मिली है। मंजु के सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अब तक उनसे सीधे मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका है।
सरकंडा के राजकिशोर नगर निवासी मंजु रॉय चौधरी वसंत विहार चौक के पास ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वह 21 अगस्त को बिलासपुर से अकेले कलकत्ता पहुंची थीं। इसके बाद वहां से 30 लोगों के समूह के साथ नेपाल के लिए रवाना हुईं। उनका नेपाल दौरा 3 सितंबर तक निर्धारित था।
25 अगस्त के बाद टूट गया संपर्क
मंजु की परिजनों से 25 अगस्त को आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका। नेपाल में आपदा की जानकारी सामने आने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई।
परिचित ने दी सुरक्षित होने की जानकारी
कलकत्ता निवासी मंजु की एक परिचित ने परिजनों को बताया कि उनके सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की जानकारी मिली है। हालांकि, मंजु से सीधे बात नहीं हो पाने के कारण परिजन अभी भी चिंतित हैं। परिवार अपने संपर्कों के जरिए उनके बारे में लगातार जानकारी जुटा रहा है।
प्रशासन भी कर रहा जानकारी जुटाने का प्रयास
मामले की जानकारी मिलने के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन भी महिला की स्थिति का पता लगाने में जुट गया। नेपाल में संबंधित माध्यमों से जानकारी लेने और लगातार अपडेट हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
कलेक्टर ने बताया- महिला सुरक्षित है
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल महिला के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है। वह नेपाल में अपनी टीम के साथ हैं। हालांकि, उनसे अभी सीधे संपर्क नहीं हो सका है। प्रशासन उनसे संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।











