समृद्धि एक्सप्रेसवे पर आधी रात को लूटपाट, सिन्नर में कीलें बिछाकर गाड़ी की पंचर, फिर परिवार से 18 लाख की लूट

मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नासिक जिले के सिन्नर तालुका में आधी रात को बेखौफ डकैतों ने महामार्ग से गुजरने वाले वाहनों को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने राजमार्ग पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद खतरनाक तकनीक अपनाई, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल है।
समृद्धि महामार्ग पर कीलें बिछाकर गाड़ियों को किया पंचर
मिली जानकारी के अनुसार लूट की वारदात नासिक जिले के सिन्नर के पास स्थित मलढोन और दुशिंगपुर इलाके में चैनल नंबर 538 से 543 के बीच आधी रात को हुई। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात अज्ञात डकैतों ने एक्सप्रेसवे की मुख्य सड़क पर जानबूझकर धारदार लोहे की वस्तुएं, कीलें या नुकीले औजार फैलाकर रखे थे। तेज रफ्तार में गुजर रही गाड़ियों के टायर जैसे ही इन नुकीली चीजों पर पड़े, उनका संतुलन बिगड़ने लगा और दो से तीन गाड़ियों के टायर अचानक फट गए।
झाड़ियों में घात लगाकर बैठे थे 10 से 12 नकाबपोश बदमाश
इसी दौरान छत्रपति संभाजीनगर के एडवोकेट श्रीकांत मिश्रा अपने परिवार के साथ मुंबई जा रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे हाईवे पर पड़ी लोहे की वस्तु से कार का टायर फट गया। गाड़ी रुकते ही झाड़ियों में घात लगाकर बैठे 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने हमला बोल दिया।
रॉड और डंडों से लैस बदमाशों ने मिश्रा से मारपीट की और कार में बैठे बच्चों को बाहर खींचने लगे। परिवार की जान खतरे में देख मिश्रा ने सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और 84 हजार 500 रुपये नकद बदमाशों के हवाले कर दिए।
वावी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
लूट की घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। इस मामले में नासिक ग्रामीण की वावी पुलिस स्टेशन में अज्ञात डकैतों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। समृद्धि महामार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर हुई इस बड़ी डकैती से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वावी पुलिस और नासिक ग्रामीण पुलिस की टीमें बदमाशों की धरपकड़ के लिए इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चला रही हैं।











