BJP नेता का CM से 1500 करोड़ मांगने का VIRAL-VIDEO:पुरंदर बोले- कांग्रेस ने झूठी-भ्रामक जानकारी फैलाई, सुशील शुक्ला ने कहा- इसकी जांच करवा लीजिए

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दावा किया गया है कि एक भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से 1500 करोड़ रुपए की मांग की है। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने इसे कांग्रेस की सोची-समझी साजिश बताते हुए कड़ा विरोध जताया है।
इस मामले में रायपुर उत्तर विधानसभा से विधायक पुरंदर मिश्रा ने सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर झूठा और भ्रामक कंटेंट फैलाने का आरोप लगाया है। विधायक ने कहा कि वीडियो पूरी तरह फर्जी, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण है। कांग्रेस ने जवाब में कहा कि, यह कांग्रेस का काम नहीं है, इसकी जांच करवा लीजिए।
वीडियो में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया- विधायक
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि, वीडियो जारी करने का मकसद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और छत्तीसगढ़ सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और उनसे जुड़े सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए जानबूझकर ऐसा वीडियो वायरल किया गया, जिससे जनता को गुमराह किया जा सके।
विधायक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री और भाजपा के किसी भी नेता ने इस तरह की कोई मांग नहीं की है। वीडियो में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है और झूठे संवाद जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई है। यह सिर्फ एक व्यक्ति या पार्टी की मानहानि नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनविश्वास पर सीधा हमला है।
झूठे आरोपों के जरिए चरित्र हनन का प्रयास
शिकायत में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा है कि सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्मों पर जानबूझकर एक ऐसा वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
इस फर्जी वीडियो में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ नेताओं पर 1500 करोड़ रुपए की कथित ‘वसूली’ या ‘कलेक्शन’ का झूठा आरोप मढ़ा गया है।
पुरंदर के मुताबिक वीडियो में आपत्तिजनक और अमर्यादित वाक्य का प्रयोग कर न केवल नेताओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, बल्कि जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को बनाया गया निशाना
विधायक ने स्पष्ट किया कि इस दुष्प्रचार के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया है।
साइबर साजिश पर सख्त कार्रवाई की मांग
पुरंदर मिश्रा ने मांग की है कि इस गंभीर मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी जाए और वीडियो तैयार करने, अपलोड करने, साझा करने और फैलाने वाले सभी व्यक्तियों और सोशल मीडिया आईडी धारकों की पहचान कर गैर-जमानती धाराओं में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
शिकायत के साथ वीडियो के स्क्रीनशॉट, लिंक और दुष्प्रचार में शामिल अकाउंट्स की सूची भी पुलिस को सौंपी गई है। विधायक की शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जिन पर आरोप लगा, वो दें सफाई- कांग्रेस
कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला का कहना है कि, ये कांग्रेस की तरफ से लगाया गया आरोप नहीं है। सफाई देने का काम कांग्रेस का नहीं, जिन पर आरोप लगा उनका है। 1500 करोड़ रुपए लेने-देने का आरोप लगा है, तो उसकी जांच करवा लें।
उन्होंने कहा कि, छोटे-छोटे काल्पनिक मामलों में ईडी जांच करती है। ईओडब्ल्यू भी इनकी छोटी ईडी हो गई है। आपके ऊपर भी आरोप लगे हैं, तो उसकी जांच करवाइए। एफआईआर की गीदड़ भबकी किसको दे रहे हैं।









