रायपुर में युवक की जलने से मौत, परिजनों ने दोस्तों पर जिंदा जलाने का लगाया आरोप

रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्तों ने शराब पार्टी के बहाने बुलाकर विवाद के बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने सात दिन तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ी, लेकिन रविवार को उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर जांच में लापरवाही और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 12 जुलाई की शाम रामसागर पारा निवासी उसका पुराना दोस्त सोनू उसे शराब पार्टी के बहाने अपने साथ लेकर गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद शाकिब और उसकी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी स्कूटी भी जलकर नष्ट हो गई।

मृतक की बहन शहरबान का आरोप है कि शाकिब और सोनू के बीच पहले भी वाहन को लेकर विवाद हो चुका था और दोनों की बातचीत बंद थी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपियों की ओर से फोन कर परिवार को सूचना दी गई और एक युवक ने अपनी गलती स्वीकार करने की बात भी कही।

स्थानीय लोगों का दावा है कि शाकिब स्कूटी पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सात दिनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

शाकिब के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से पुलिस की कार्रवाई धीमी रही। उनका कहना है कि घटनास्थल का ठीक से निरीक्षण नहीं किया गया और अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। युवक की मौत के बाद परिजन और रिश्तेदार सरस्वती नगर थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में स्कूटी जलाने के दौरान युवक के झुलसने की बात सामने आई है। घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com