रियान पराग के बाद युजवेंद्र चहल ने की गलत हरकत, फ्लाइट में पी ई-सिगरेट! Video वायरल होने पर बवाल


Yuzvendra Chahal Viral Video: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग हाल ही में एक आईपीएल मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम के अंदर ई-सिगरेट से कश लगाते नजर आए थे. उन्होंने ये गलत हरकत पंजाब किंग्स के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले मुकाबले में की थी. जिसके बाद वीडियो काफी वायरल हो गया था और बीसीसीआई ने उनके खिलाफ एक्शन लिया था. अब पंजाब किंग्स के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी कुछ ऐसी ही हरकत की है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है.
युजवेंद्र चहल ने फ्लाइट में पी ई-सिगरेट!
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में युजवेंद्र चहल को फ्लाइट के अंदर ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते हुए देखा जा रहा है. यह वीडियो पंजाब किंग्स की टीम की यात्रा के दौरान का बताया जा रहा है. बता दें, टीम ने खुद ये वीडियो अपने आधिकारिक अकाउंट पर शेयर किया था, जिसमें बैकग्राउंड में चहल कैमरे में कैद हो गए. जैसे ही टीम को इस बात का अहसास हुआ, वीडियो को हटा लिया गया, लेकिन तब तक कई यूजर्स ने इसे डाउनलोड कर लिया था. अब यह क्लिप सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बन गई है और क्रिकेट फैंस इसे लेकर नाराजगी जता रहे हैं.
Look at Yuzvendra Chahal, man. He was risking everyones safety by vaping an e-cigarette inside the flight while Shashank Singh and other Punjab Kings players were around him.
This is totally unacceptable and highly risky for everyone. Such behavior violates flight safety pic.twitter.com/YnXlPmPhjr
— Sonu (@Cricket_live247) May 7, 2026
फ्लाइट के अंदर किसी भी प्रकार का धूम्रपान या ई-सिगरेट का इस्तेमाल पूरी तरह बैन होता है. नियमों के मुताबिक, फ्लाइट में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट ले जाना या उसका उपयोग करना गंभीर उल्लंघन माना जाता है. इससे आग लगने का खतरा रहता है, जो पूरे विमान और यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा संकट पैदा कर सकता है. ऐसे में अगर इस मामले में शिकायत दर्ज होती है तो खिलाड़ी पर कानूनी कार्रवाई और यहां तक कि नो-फ्लाई लिस्ट में शामिल किए जाने की भी संभावना है.
चलती कार से सिगरेट फेंकी थी बाहर
सीजन की शुरुआत में भी चहल अपनी एक हरकत के कारण विवादों में आ गए थे. एक वायरल वीडियो में चहल अपनी टू-सीटर BMW ड्राइव कर रहे थे और अचानक ही एक जलती हुई सिगरेट कार से बाहर फेंकते हुए दिखे थे. सोशल मीडिया पर ये वीडियो अलग-अलग यूजर्स के अकाउंट से शेयर किया था, जिसमें चहल पर सवाल उठे थे कि वो जलती हुई सिगरेट इस तरह से बाहर फेंककर न सिर्फ दूसरों को खतरे में डाल रहे हैं, बल्कि गंदगी भी फैला रहे हैं.












