कांकेर में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 208 लर्निंग लाइसेंस जारी, जागरूकता पर जोर

कांकेर जिले में 37वां सड़क सुरक्षा यातायात जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत अब तक कुल 208 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस थाना के सामने आयोजित शिविर में 124 और चारामा में लगाए गए शिविर में 84 लर्निंग लाइसेंस वितरित किए गए।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि भानुप्रतापपुर और पखांजूर में भी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 31 जनवरी तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और बिना लाइसेंस वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है।

जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिनका अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है, वे निर्धारित अवधि में शिविरों में पहुंचकर आवेदन करें। अभियान का लक्ष्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

चारामा में लगे परिवहन सुविधा केंद्र के शिविर में थाना प्रभारी तेज कुमार वर्मा ने लर्निंग लाइसेंस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लर्निंग लाइसेंस की वैधता छह महीने की होती है और एक महीने के बाद स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि स्थायी लाइसेंस के लिए आरटीओ द्वारा ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा। साथ ही बीमा क्लेम से संबंधित जानकारी देते हुए कहा कि दुर्घटना की स्थिति में वैध ड्राइविंग लाइसेंस होने पर ही बीमा क्लेम मान्य होगा।

प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की है।

close