बूचड़खाने ले जाए जा रहे 23 मवेशी मिनी ट्रक सहित जब्त, मौके से चालक, हेल्पर फरार, एक गिरफ्तार

डिंडौरी। जिले से अवैध तौर पर मवेशियों की तस्करी पर लगाम नहीं लग पा रही है। अक्सर वाहन से बूचड़खाने ले जाए जा रहे मवेशियों को पुलिस द्वारा जब्त करने के मामले सामने आते रहते है। इसी क्रम में बीती रात बूचड़खाने ले जाए जा रहे 23 मवेशी मिनी ट्रक सहित कोतवाली द्वारा जब्त किए गए है। मौके से वाहन चालक व खलासी फरार हो गए, लेकिन एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

कार्रवाई थाना क्षेत्र के ग्राम इमलई पहाड़ी के पास की गई है। फरार वाहन चालक व खलासी की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि शनिवार रविवार की दरमियानी रात लगभग ढाई बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम इमलई में पहाड़ी के पास एक डाला बाडी गाडी में अवैध रूप से मवेशियो को ठूंस ठूंसकर क्रूरता पूर्वक भरकर बूचडखाना ले जाया रहा है।

जबलपुर व दमोह निवासी है आरोपी

मौके पर दबिश देने पर वाहन क्रमांक एमपी 20 एक्सबी 5439 के पास खडे सहबाज कुरैशी पिता मो. रईस कुरैशी उम्र 26 वर्ष निवासी शास्त्री वार्ड सेल्टर हाऊस रोड टक्कर ग्राम जबलपुर को पकड़ा गया। वाहन के चालक रिजवान खान उम्र 27 वर्ष निवासी दमोह और खलासी राजा कुरैशी उम्र 25 वर्ष निवासी मंडी मदार टेकरी जबलपुर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपित सहबाज कुरैशी ने 23 भैस, पड़ा वाहन में भरकर इमलई से जबलपुर बूचडखाना ले जाने की बात स्वीकार की। वाहन सहित मवेशियों को जब्त किया गया। मवेशियों को कांजी हाउस भेजा गया।

तीन के खिलाफ मामला किया गया दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपित के खिलाफ मप्र कषि पशु परिरक्षण अधिनियम पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे, एसआई भिपेंद्र पाठक, एएसआई मुकेश बैरागी, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला, विकास पटेल, आरक्षक निलेश साहू, प्रवेश पटेल, अवनीश यादव, हेमंत झारिया कैलाश द्विवेदी शामिल रहे।

close