बलौदाबाजार में 7.91 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, 1.57 लाख किसानों को मिले 1679 करोड़ रुपये

बलौदाबाजार जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी अभियान 30 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान जिले के 1 लाख 57 हजार 367 किसानों से कुल 7 लाख 91 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जो पंजीकृत किसानों का लगभग 94 प्रतिशत है।

धान खरीदी के एवज में किसानों को कुल 1679 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। जिले में कुल 1 लाख 67 हजार 121 किसान पंजीकृत थे, जिनमें से अधिकांश किसानों ने 166 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अपना धान बेचा।

प्रशासन द्वारा अवैध गतिविधियों पर भी सख्त नजर रखी गई। इस दौरान 9057 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया और 210 प्रकरण दर्ज किए गए। थोक विक्रेताओं, राइस मिलों और पोहा मिलों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।

अब तक 2 लाख 79 हजार 255 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, बारदाना और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। रकबा समर्पण अभियान के तहत 1 लाख 35 हजार 569 किसानों ने स्वेच्छा से 10 हजार 813 हेक्टेयर भूमि का समर्पण किया। कोचियों और बिचौलियों पर संयुक्त टीमों द्वारा कड़ी निगरानी रखी गई।

इस वर्ष ‘सतर्क’ ऐप के माध्यम से खरीदी और परिवहन की रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई, जिससे अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाई जा सकी। अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित बैठकों के माध्यम से कार्ययोजना तैयार की गई और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।

कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया गया। मैदानी कर्मचारियों के प्रयासों से किसानों को किसी बड़ी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा और पूरा अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com