खाने का स्वाद ही नहीं इम्यूनिटी भी दुरुस्त रखेगी कच्चे आम की चटनी, नोट करें रेसिपी

भोजन की थाली के साथ परोसी गई कच्चे आम की चटनी, ना सिर्फ मुंह का स्वाद अच्छा करती है बल्कि भूख बढ़ाकर सेहत को भी कई गजब के फायदे देती है। विटामिन सी और फाइबर से भरपूर इस चटनी को खाने से इम्यूनिटी बूस्ट और पाचन में सुधार होता है। जिससे कब्ज, सूजन, अपच और दस्त जैसी परेशानियों को दूर करने में मदद मिलती है। इसमें मौजूद विटामिन सी फ्री रेडिकल्स से लड़कर त्वचा को हेल्दी रखने में मदद करता है। अगर आप भी कच्चे आम की चटनी बनाने का देसी तरीका जानना चाहते हैं तो फॉलो करें ये आसान रेसिपी।

कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए सामग्री

-3 कप हरा धनिया

-1 कप पुदीने के पत्ते

-2 छोटे चम्मच कटी हुई हरी मिर्च

-2 इंच लंबा अदरक का टुकड़ा

-1-2 लहसुन की कलियां

-½ कप छिले और कटे हुए हरे कच्चे आम

-½ छोटा चम्मच नमक

-¼ छोटा चम्मच हींग

-1 छोटा चम्मच जीरा

कच्चे आम की चटनी बनाने का तरीका

कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सी में हरा धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, हरे आम, नमक, हींग और जीरा के साथ ¼ कप ठंडा पानी डालकर पेस्ट तैयार कर लें। अगर आप चटनी का हरा चटक रंग चाहते हैं तो उसे ब्लेंड करते समय मिक्सी में 2 बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं। चटनी में नमक चेक करें और जरूरत महसूस होने पर मात्रा बढ़ा दें। अगर चटनी ज्यादा तीखी न लगे तो उसमें थोड़ा सा नींबू का रस डाल दें। आपकी टेस्टी कच्चे आम की चटनी बनकर तैयार है।

close