छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र, सरकार को डीएमएफ और किसान के मुद्दे पर घेरने की तैयारी

जांजगीर चांपा: छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र रविवार से शुरू होने जा रहा है. यह सत्र हंगामेदार होने के आसार हैं. विपक्ष ने सरकार को किसानों के मुद्दे पर घेरने की तैयारी की है. जांजगीर चांपा विधायक व्यास कश्यप ने किसानों की समस्याएं गिनाईं. उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में भी किसानों के हित से जुड़ा मुद्दा गूंजेगा.
किसानों का मुद्दा गूंजेगा
दरअसल छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की जा रही है. विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि जांजगीर चांपा जिले में किसान टोकन नहीं कटने से परेशान हैं. किसान धान को अपने घरों में रखने के लिए मजबूर हैं. उन्होंने शासन प्रशासन से धान का लिमिट बढ़ाने की मांग की है.
डीएमएफ मद से खरीदी का मुद्दा भी उठाएंगे विधायक
विधायक व्यास कश्यप ने जांजगीर चांपा जिले में डीएमएफ मद से कृषि विभाग द्वारा खरीदे गए उपकरणों का मुद्दा भी सदन में उठाने का ऐलान किया है. उन्होंने प्रेस वार्ता लेकर आरोप लगाया कि कृषि सामाग्री की खरीदी मार्केट से तीन गुना अधिक कीमत में हुई है.
किसानों के लिए अनुपयोगी सामग्री खरीदी गई है और लाखों रुपये खर्च कर उसका वितरण किया गया. इसकी शिकायत पूर्व में शासन से की गईं थी. इस मामले की जांच के लिए बिलासपुर कमिश्नर को शासन ने जांच अधिकारी नियुक्त किया था, लेकिन अभी तक प्रकरण में क्या कार्रवाई हुई, इसकी जारकारी नहीं दी गई है. अब विधानसभा में मुद्दा उठाया जाएगा.
सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने जांजगीर चाम्पा जिला में धान खरीदी में किसानों की समस्या के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया. राज्य सरकार से किसानों की धान खरीदी के लिए खरीदी केंद्रों की लिमिट बढ़ाने और एग्री स्टेक पोर्टल में छूटे किसानों का रकबा संशोधित कर किसानों का पूरा धान खरीदने की मांग की है.
क्या कहते हैं अधिकारी
वहीं कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बताया कि जिले में धान की आवक तेज हो गई है. पूरी पारदर्शिता के साथ सभी 129 खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी शुरू हो गई है. उन्होंने किसानों का एग्री स्टेक पोर्टल में खसरा एंट्री, तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन मिलने का दावा भी किया.
बिचौलियों पर विशेष निगरानी
कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों की खरीदी लिमिट कम होने के कारण किसानों को परेशानी ना हो, इसके लिए राज्य शासन से लिमिट बढ़ाने के लिए मांग भी की है. जांजगीर चांपा जिले में अबतक बिचौलिए से 2300 क्विंटल धान की जप्ती की गई है. कलेक्टर ने बिचौलियों पर विशेष निगरानी रखने का दावा किया.









