कवर्धा में मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन, CM साय ने रवेली में कॉलेज खोलने की भी घोषणा की

कवर्धा: जिले में शुक्रवार को मुख्यमंत्री साय ने मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन किया. ग्राम घोटिया में नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद संतोष पाण्डेय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा शामिल हुए.
306 करोड़ की लागत से बनेगा मेडिकल कॉलेज: राज्य शासन ने मेडिकल कॉलेज के लिए 40 एकड़ भूमि आवंटित की है. साथ ही इसके निर्माण के लिए 306 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति दी है. अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा. मेडिकल कॉलेज बनने से कबीरधाम जिले की स्वास्थ्य सुविधाएँ मजबूत होंगी. गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी
.मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्या कहा: CM ने लोगों से ट्राइबल म्यूजियम को देखने की अपील की. कहा कि प्रदेश के निर्माण के 25 साल में कई विकास के काम हुए हैं. किसानों से किया वादा भी पूरा कर रहे हैं. 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत दे रहे हैं. तेंदूपत्ता संग्रहण के दाम भी बढ़ाए हैं.
कॉलेज खोलने की घोषणा: CM साय ने आगे कहा कि वन संपदा को भी वैल्यू एडिशन कर रोजगार से जोड़ने का काम बीजेपी सरकार कर रही है. सिर्फ MoU नहीं सेमीकंडक्टर समेत कई उद्योग चालू भी हो गए हैं. भोरमदेव को और सुंदर बनाने के लिए भारत सरकार ने 150 करोड़ की राशि की स्वीकृति दी है. विजय शर्मा की मांग पर रवेली में महाविद्यालय खोलने की घोषणा करता हूं.









