दुर्ग: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही किसान टोकन सिस्टम की दिक्कतों से जूझ रहे हैं. किसानों का कहना है कि धान उत्पादन में जितनी मेहनत लगती है उससे ज्यादा मशक्कत अब टोकन लेने में करनी पड़ रही है. ऑनलाइन टोकन के लिए बनाए गए ऐप में रोजाना भारी समस्या आ रही है. ऐसा ही मामला दुर्ग से सामने आया है.
क्या आ रही परेशानी?: किसान जैसे ही मोबाइल में ऐप खोलते हैं, कुछ ही मिनटों में पोर्टल फुल दिखाता है. जिससे वे आवेदन नहीं कर पाते. दूसरी ओर, समितियों को 30 प्रतिशत टोकन ऑफलाइन जारी करने का निर्देश दिया गया है, लेकिन दुर्ग जिले की अधिकांश समितियों में किसान ऑफलाइन टोकन भी हासिल नहीं कर पा रहे हैं.
जिम्मेदारों का क्या कहना है?: इस पूरी स्थिति पर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि टोकन जारी करने के लिए निर्धारित समय तय है. इसी समय पर ऑनलाइन टोकन ओपन होते हैं और किसान आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन और 30 प्रतिशत टोकन समितियों में ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं.
हालांकि दुर्ग कलेक्टर ने समितियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र किसानों को तय प्रक्रिया के अनुसार टोकन उपलब्ध कराएं, ताकि धान खरीदी में किसी तरह की बाधा न आए.