भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का बड़ा हमला! मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कहा “सुरसा और ताड़का”, बोले- वध निश्चित

रायपुर: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने सुरसा और ताड़का की संज्ञा दी है. उन्होंने ममता बनर्जी के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दिए गए बयान के जवाब में यह टिप्पणी की. चंद्राकर ने कहा, “ममता बनर्जी खुद ताड़का और सुरसा की तरह हैं। बंगाल में ताड़का और सुरसा का वध निश्चित है”.
अजय चंद्राकर ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के गृह मंत्री अमित शाह पर दिए बयान की आलोचना की. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल के लिए ‘ताड़का’ और ‘सुरसा’ जैसी हैं. किसी भी टिप्पणी से पहले उन्हें सोचना चाहिए था, खासकर जब वह देश के गृह मंत्री पर बोल रही हों. चंद्राकर ने कहा कि ममता कांग्रेस को INDIA गठबंधन में धमका सकती हैं, लेकिन BJP और उसके नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का कोई हक नहीं है.
ममता ने शाह को कहा खतरनाक
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि शाह मतदाता सूचियों से ‘डेढ़ करोड़ नाम’ हटाने की कोशिशों को सीधे तौर पर निर्देशित कर रहे हैं. ममता ने चेतावनी दी कि अगर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान एक भी पात्र मतदाता का नाम हटाया गया, तो वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का गृहमंत्री खतरनाक है. उनकी आंखों में यह साफ दिखता है. एक आंख में ‘दुर्योधन’ दिखता है, और दूसरी में ‘दु:शासन’.
यह पहली बार नहीं है जब बनर्जी को इन नामों से संबोधित किया गया है.इससे पहले, फरवरी 2019 में भी, भाजपा नेताओं ने सीबीआई बनाम कोलकाता पुलिस विवाद के दौरान उन्हें “ताड़का” और “सुरसा” कहा था.









