कुरुद को मिली विकास की रफ्तार: विधायक अजय चंद्राकर ने अनुपूरक बजट में दिलाई 80 करोड़ की स्वीकृति

कुरुद: प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अनुपूरक बजट 2025-26 में कुरूद विधानसभा को विभिन्न विकासकार्यों हेतु क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने लगभग 80 करोड़ रुपए की ऐतिहासिक स्वीकृति हासिल की है. जिसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है.
मिली जानकारी अनुसार, राज्य सरकार द्वारा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पारित अनुपूरक बजट में कुरुद विधानसभा के मगरलोड के ग्राम करेलबड़ी में नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना अंतर्गत अधोसंरचना निर्माण कार्य हेतु 2566.47 लाख रुपये, कुरुद विकासखंड के ग्राम-भालुझुलन में नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना अंतर्गत अधोसंरचना निर्माण कार्य हेतु 2566.47 लाख रुपये, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद में छात्रावास भवन निर्माण कार्य के लिए 272.81 लाख रुपये, नवीन आईटीआई जीजामगांव की स्थापना के लिए 08 पदों का सृजन हेतु 100.00 लाख रुपये, शासकीय नवीन महाविद्यालय, सिलौटी में भवन निर्माण कार्य हेतु 100.00 लाख रुपये शामिल है.

कुरुद व भखारा में होगा अतिरिक्त पाइपलाइन विस्तार
इसी तारतम्य में नगर पालिका परिषद् कुरूद में योजना का स्त्रोत ‘सुदृढीकरण एवं नगर के नवीन विस्तार क्षेत्रों में अतिरिक्त पाईप लाईन विस्तार कार्य हेतु 769.81 लाख रुपये एवं नगर पंचायत भखारा-भठेली में योजना का स्त्रोत सुदृढीकरण एवं नगर के नवीन विस्तार क्षेत्रों में अतिरिक्त पाईप लाईन विस्तार कार्य के लिए 1614.00 लाख रुपये की अनुपूरक बजट में स्वीकृति मिली है.

शिक्षा और रोजगार के नये अवसर प्राप्त होंगे
उपरोक्त स्वीकृति पर हर्ष जाहिर करते हुए नपा अध्यक्ष कुरुद ज्योति भानू चंद्राकर, नपं. अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, भाजपा नेतागण कृष्णकांत साहू, हरिशंकर सोनवानी, रवि सिन्हा, वीरेंद्र साहू, गीतेश्वरी साहू, मालक राम साहू ने कहा कि यह उपलब्धि हमारे विधायक, विकास पुरुष अजय चंद्राकर के अथक प्रयासों और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिणाम है. इन कार्यों से कुरूद में विकास का नया सूरज उगेगा, क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे एवं मजबूत अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) उन्नत तकनीक और शुद्ध पेयजल की सुविधा से क्षेत्र परिपूर्ण होगा. उन्होंने इनके लिए विधायक चंद्राकर का आभार जताया है.









