कोरबा में आवासीय पट्टे को लेकर बवाल, ग्रामीण पहुंचे SDM दफ्तर

कोरबा : पोंडी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर के अन्य जाति वर्ग के ग्रामीणों ने गुरुवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर आवासीय पट्टा दिए जाने की मांग की.ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से वे गांव में निवास कर रहे हैं, बावजूद इसके अब तक उन्हें वैधानिक रूप से आवासीय पट्टा नहीं मिल पाया है, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
इसी दौरान ग्रामीणों ने एक गंभीर आरोप भी प्रशासन के समक्ष रखा। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदूपत्ता संग्राहक समिति से जुड़े एक मुंशी द्वारा कुछ लोगों से आवासीय पट्टा बनवाने के नाम पर प्रति व्यक्ति ₹6000 की राशि वसूली गई है.आरोप है कि उक्त व्यक्ति द्वारा जो पट्टे दिए गए हैं, वे पूरी तरह फर्जी हैं और उनका किसी भी प्रकार का वैधानिक आधार नहीं है.
इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने पोंडी-उपरोड़ा एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.शिकायत मिलने पर एसडीएम ने तत्काल आवेदन स्वीकार करते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को निर्देश दिए कि पात्र ग्रामीणों के आवासीय पट्टे से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई की जाए.
एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों से पट्टा बनवाने के नाम पर पैसे लिए गए हैं, उस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी.यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जताई है.









