सूरजपुर: तेज रफ्तार और शराब के नशे ने छीनी जान, बनारस रोड पर कार पलटने से युवक की दर्दनाक मौत

सूरजपुर: बनारस रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार, शराब के नशे और जर्जर सड़क ने मिलकर एक परिवार की खुशियां छीन लीं. जरही की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार के पलटने से 42 वर्षीय युवक धनेश्वर राजवाड़े की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं सड़क की बदहाल स्थिति और नशे में वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
जानकारी के अनुसार, मृतक धनेश्वर राजवाड़े, पिता खरीदन राजवाड़े, उम्र लगभग 42 वर्ष, ग्राम पहिया लोलकी का निवासी था. वर्तमान में वह अपने ससुराल पार्टबहरा, सकलपुर में रहकर समीपवर्ती ग्राम सोनगरा में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.
बताया जा रहा है कि घटना के समय वह शराब के नशे में मारुति 800 कार क्रमांक JH 01 CK 0231 चला रहा था. ग्राम सोनगरा स्थित रुद्र पेट्रोल पंप से आगे सड़क पर तेज रफ्तार में ब्रेक लेने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया. कार कई बार पलटी, जिससे चालक उछलकर वाहन से बाहर जा गिरा. हादसे में उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और हालत अत्यंत नाजुक हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका कोलफील्ड क्षेत्र होने के कारण यहां दिन-रात भारी वाहनों, कोयला लोड ट्रकों और हाईवा की आवाजाही बनी रहती है. दोनों पेट्रोल पंपों के बीच सड़क अत्यंत जर्जर हो चुकी है. जगह-जगह बने गड्ढे लगातार हादसों को दावत दे रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग अब तक आंख मूंदे बैठे हैं.
गौरतलब है कि इसी स्थान पर पहले भी दो गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें एक मामला शराब के नशे और तेज रफ्तार से जुड़ा बताया गया था. बावजूद इसके न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई की गई.
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जाए. नियमित ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराए जाएं, जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए.









