सतना जिला अस्पताल में लापरवाही, 6 बच्चों को चढ़ाया गया HIV संक्रमित खून

सतना जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां थैलेसीमिया से पीड़ित 6 मासूम बच्चों को HIV संक्रमित रक्त चढ़ा दिया गया, जिसके बाद सभी बच्चे एचआईवी पॉजिटिव पाए गए। इस घटना के सामने आने के बाद जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, थैलेसीमिया से पीड़ित इन बच्चों को नियमित रूप से ब्लड ट्रांसफ्यूजन की जरूरत होती है। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से उपलब्ध कराए गए रक्त को चढ़ाने के बाद जब नियमित जांच कराई गई तो 6 बच्चों में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई। बच्चों की उम्र 8 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आरोप है कि ब्लड बैंक स्तर पर रक्त की सही जांच और तय प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।

मामला करीब चार महीने पुराना होने के बावजूद अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर सतीश कुमार एस ने जांच में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि शुरुआती जानकारी में 4 बच्चों की बात सामने आई थी, लेकिन जांच के दौरान 6 बच्चे HIV पॉजिटिव पाए गए।

जांच में यह भी सामने आया है कि 6 में से एक बच्चे के माता-पिता HIV पॉजिटिव हैं, जबकि बाकी 5 बच्चों के माता-पिता HIV निगेटिव पाए गए हैं। इससे अस्पताल में चढ़ाए गए रक्त की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त ने 6 सदस्यीय राज्य स्तरीय जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति यह भी जांच कर रही है कि संबंधित बच्चों को सतना के अलावा जबलपुर या अन्य जिलों में भी कहां-कहां ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया गया था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com