धान खरीदी से परेशान किसान सड़क पर उतरे, मरवाही में घंटों रहा चक्काजाम

मरवाही  : धान खरीदी व्यवस्था में आ रही दिक्कतों से नाराज किसानों ने भारतीय किसान संघ के बैनर तले सिवनी मोड़ पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया.बड़ी संख्या में किसान सड़क पर बैठ गए, जिससे कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा.

भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश ने पहले ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित समय सीमा में धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा.

संघ के ज्ञापन में मुख्य रूप से टोकन व्यवस्था की समस्याओं, दैनिक खरीदी लिमिट बढ़ाने और अन्य मांगों पर तत्काल फैसला लेने की बात कही गई थी. किसानों का कहना है कि धान उपार्जन केंद्रों पर रोजाना जारी होने वाली टोकन की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिकाधिक किसान समय पर अपना धान बेच सकें.

प्रदर्शनकारी किसानों ने ऑनलाइन-ऑफलाइन टोकन प्रक्रिया में आ रही तकनीकी खामियों को दूर करने और एक पारदर्शी एवं सुगम व्यवस्था लागू करने की मांग की.साथ ही लंबित टोकन धारकों को प्राथमिकता देने तथा खरीदी अवधि बढ़ाने की भी जोरदार मांग उठाई गई.

किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही टोकन लिमिट और खरीदी संबंधी मुद्दों का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा भारतीय किसान संघ का कहना है कि किसानों को मजबूरी में सड़क पर उतरना पड़ा है और अब आगे की कार्रवाई सरकार तथा प्रशासन के हाथ में है.

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी प्रक्रिया को लेकर प्रदेश भर में किसानों में असंतोष व्याप्त है, जिसके चलते कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com