खबर का असर: धनवार अंतरराज्यीय वनोपज नाके से वनपाल हटाए गए, वन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

बलरामपुर: वयम् भारत पर प्रकाशित खबर के बाद धनवार अंतरराज्यीय वनोपज जांच नाका में लकड़ी कारोबारियों से अवैध वसूली के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने वनपाल मथुरा दुबे को धनवार जांच नाका से हटा दिया है. यह कार्रवाई नीलगिरी लकड़ी तस्करी और दस्तावेज बनाकर बॉर्डर पार कराने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों के बाद की गई है.

आरोप है कि लकड़ी कारोबारियों से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से सौदे तय किए जाते थे और फोनपे के जरिए मोटी रकम की वसूली की जाती थी. इसके साथ ही अधिकारियों के मूवमेंट, लोकेशन और वाहनों की एंट्री-एग्जिट से जुड़ी जानकारी भी कारोबारियों तक पहुंचाई जाती थी, जिससे अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्करी को बढ़ावा मिल रहा था.

इस पूरे मामले की शिकायत लकड़ी कारोबारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक और वन मंडल अधिकारी (DFO) के पास की गई थी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वन मंडल अधिकारी आलोक कुमार बाजपेई ने मामले में संवेदनशीलता दिखाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और विभागीय स्तर पर आगे और भी सख्त कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है.









