न्यू ईयर से पहले रायपुर में ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, नागपुर कनेक्शन के साथ 5 गिरफ्तार

न्यू ईयर ईव के मद्देनजर रायपुर में पार्टियों के लिए MDMA ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नागपुर से जुड़े ड्रग तस्करों और इवेंट ऑर्गेनाइजर समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग लड़की भी शामिल है।

मामला उस वक्त सामने आया, जब सोशल मीडिया पर युवक और युवती का ड्रग्स, कैश और मोबाइल के साथ एक वीडियो वायरल हुआ। करीब 17 सेकेंड के इस वीडियो में टेबल पर MDMA ड्रग्स की कई लाइनें, नकदी और मोबाइल रखे दिखाई दे रहे थे। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में छापा मारा गया, जहां आरोपियों को रंगे हाथ MDMA ड्रग्स के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 10 ग्राम MDMA, चार मोबाइल फोन और 20 हजार रुपए नकद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में MDMA का मुख्य सप्लायर है, जबकि नागपुर निवासी शुभम राजूधावड़े ड्रग्स की सप्लाई करता था। आरोपियों की योजना न्यू ईयर के दौरान बड़े होटलों और पार्टियों में ड्रग्स खपाने की थी।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21बी और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। सिंडिकेट से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि नए साल के मौके पर ड्रग्स नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

close