रीवा में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप लूट! ग्राहक बनकर आए बदमाश 5 लाख का सोना उड़ा ले गए

रीवा :  जिले के लालगांव कस्बे में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं.गुरुवार की दोपहर बेखौफ बदमाशों ने कस्बे के बीचों-बीच स्थित ‘अन्नपूर्णा ज्वेलरी शॉप’ में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. ग्राहक बनकर आए दो बाइक सवार युवकों ने दुकानदार की आंखों में धूल झोंककर करीब 4 से 5 लाख रुपये के सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया.पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

मिली जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक रामनिधि सोनी एक गमी के कार्यक्रम में शामिल होने बनारस गए हुए थे.दुकान पर उनकी पत्नी निर्मला सोनी मौजूद थीं। दोपहर के वक्त दो युवक मोटरसाइकिल से दुकान पहुंचे.उन्होंने पहले चांदी का एक ‘चंद्रमा’ खरीदा और बाकायदा उसका भुगतान भी किया ताकि किसी को शक न हो.

इसके बाद बदमाशों ने सोने के लॉकेट दिखाने की मांग की। महिला दुकानदार ने जैसे ही लॉकेट दिखाने के लिए तिजोरी/दराज खोली, बदमाशों ने हाथ साफ करने की योजना बनाई.जब महिला दूसरा लॉकेट निकालने के लिए झुकी, तभी एक युवक ने तेजी से दराज के भीतर हाथ डालकर जेवरों से भरा डिब्बा निकाल लिया और दोनों तेजी से फरार हो गए.

पीड़ित व्यापारी रामनिधि सोनी ने बताया कि चोरी गए डिब्बे में सोने के छह बड़े लॉकेट सहित अन्य कीमती आभूषण थे.वर्तमान बाजार भाव के अनुसार इनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी जा रही है.घटना के बाद बदहवास महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी गलियों से होते हुए रफूचक्कर हो चुके थे.

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लालगांव के व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है.स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि कस्बे में पुलिस की गश्त न होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं.इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया.पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com