रीवा में विजिलेंस की दबिश बनी मौत की वजह? बहस के बाद युवक की मौत, टीम फरार

रीवा : चोरहटा थाना अंतर्गत डोमां गांव में गुरुवार को बिजली विभाग के विजिलेंस दल (उड़न दस्ते) की कार्रवाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया.जांच और दस्तावेजों की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद विजिलेंस टीम के सदस्य वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

अधिकारी से बहस के बाद गिरे राजेश प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरहटा थाना क्षेत्र के डोमां गांव स्थित एक परिसर में, जहां ट्रांसफार्मर का काम होता है, वहां विजिलेंस टीम अचानक दबिश देने पहुंची.टीम का नेतृत्व कथित तौर पर अधिकारी विपिन सिंह कर रहे थे.

परिसर के संचालक राजेश चतुर्वेदी (मृतक) को जब बुलाया गया, तो कागजातों को लेकर उनकी अधिकारियों से तीखी बहस शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों और परिसर के चौकीदार भारत कुमार चतुर्वेदी का आरोप है कि बहस के दौरान टीम के सदस्यों ने राजेश के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े और उनकी हालत बिगड़ गई.

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत परिजनों ने आनन-फानन में राजेश को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का आरोप है कि राजेश के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी जान गई। उनके शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही जा रही है.

पुलिस ने गाड़ियां की जब्त, जांच जारी घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.चौरहटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विजिलेंस टीम की गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, टीम में करीब 12-15 लोग शामिल थे.

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या मौत का कारण धक्का-मुक्की से लगी चोट है या घबराहट के कारण आया हार्ट अटैक बड़ा सवाल: आखिर क्यों भागी टीम? ग्रामीणों का कहना है कि यदि टीम कानूनी कार्रवाई कर रही थी, तो युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाने के बजाय टीम के सदस्य मौके से क्यों भागे? फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com