बीजापुर में सुरक्षाबलों ने नक्सली साजिश को किया नाकाम, दो आईईडी बरामद कर मौके पर ही किए नष्ट

बीजापुर जिले में माओवादी विरोधी अभियान के तहत चलाए जा रहे एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सुरक्षा बलों की सतर्कता से दो शक्तिशाली आईईडी बरामद किए गए, जिन्हें समय रहते मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई से संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ की 214वीं वाहिनी की टीम एफओबी कांडलापर्ती-2 से नियमित गश्त और सर्च ऑपरेशन के लिए निकली थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए इलाके की सघन तलाशी ली गई, जहां जमीन में छिपाकर रखे गए दो आईईडी मिले। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम निरोधक दस्ते ने दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट कर दिया।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि माओवादी सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इन आईईडी को लगा सकते थे। समय रहते इनका पता चल जाना सुरक्षाबलों की मुस्तैदी और सतर्कता को दर्शाता है। ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान और तेज कर दिया गया है।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी रहेंगे और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। इस कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों को करारा झटका लगा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।









