बिहार: गयाजी के शेरघाटी में डबल मर्डर, गला रेतकर पति-पत्नी को मार डाला; इलाके में सनसनी

गयाजी: शेरघाटी थाना क्षेत्र के चापी में डबल मर्डर की घटना से हड़कंप मच गया है. अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर पति-पत्नी को मार डाला. मृतकों की पहचान प्रदीप यादव और उनकी पत्नी केसरी देवी के रूप में की गई है. केसरी देवी पंचायत के वार्ड नंबर-1 की वार्ड सदस्य थीं. आज सुबह घटना की जानकारी तब हुई, जब दंपती का बेटा रवि कुमार पहुंचा.

उसने अपने पिता को कई बार फोन पर संपर्क किया था. जब बात नहीं हुई तो वह देखने के लिए पहुंचा था. पति-पत्नी दोनों फसल की रखवाली करने के लिए बधार में एक झोपड़ी में सो रहे थे. यहां सुबह में जब बेटा पहुंचा तो देखकर उसके होश उड़ गए. उसने देखा कि उसके माता-पिता का शव पड़ा है. दोनों का गला रेता हुआ है.

घटना की सूचना के बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए. शेरघाटी थाने की पुलिस भी पहुंची. घटनास्थल की घेराबंदी कर पुलिस ने जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है. बेटी रिंकी कुमारी ने बताया कि पिछले सात दिनों से माता-पिता फसल की रखवाली के लिए झोपड़ी में सोने आते थे.

इस पूरे मामले में शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और स्पेशल टीम को लगाया गया है. तकनीकी साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं. गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस कई बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है.

वहीं शेरघाटी डीएसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शेरघाटी थाने की पुलिस को हत्या की सूचना मिली थी. खेत में प्रदीप यादव और उनकी पत्नी केसरी देवी की हत्या की गई है. गला रेतकर दोनों की हत्या की गई है. प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. जो भी दोषी हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com