ओडिशा में 1 करोड़ के इनामी सहित 6 नक्सली ढेर:इनमें 2 महिलाएं, शव-हथियार बरामद, IG बोले- इस साल 11 बड़े नक्सली लीडर मारे गए

छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कंधमाल में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में 6 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 1 करोड़ से ज्यादा का इनामी सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) गणेश उईके (69) भी शामिल है। दो महिला नक्सली भी मारी गई हैं। मारे गए नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।

सुरक्षाबलों को कंधमाल जिले के चाकापाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी का इनपुट मिला था। इसी इनपुट के आधार पर 23 टीमों को ऑपरेशन के लिए भेजा गया। इनमें 20 स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), दो सीआरपीएफ और एक बीएसएफ टीमें शामिल थीं। यह ऑपरेशन कंधमाल जिले के चाकापाड़ थाना क्षेत्र और गंजाम जिले के राम्भा वन क्षेत्र में चलाया गया।

25 दिसंबर को अभियान के दौरान अलग-अलग लोकेशन पर माओवादियों और SOG जवानों के बीच कई बार गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्चिंग की गई, जिसमें 5 नक्सलियों के शव मिले। इनमें 4 पुरुष और 2 महिलाएं हैं। सभी माओवादी वर्दी में थे। मौके से 2 इंसास राइफल और एक 303 राइफल बरामद हुई है।

इस साल कुल 11 बड़े लीडर मारे गए- आईजी

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि सीसी मेंबर गणेश उईके के एनकाउंटर के बारे में ओडिशा पुलिस विस्तार से जानकारी देगी। इस साल कुल 11 सेंट्रल कमेटी मेंबर और पोलित ब्यूरो मेंबर मुठभेड़ में ढेर हुए हैं।

बस्तर संभाग के तहत बसवाराजू, के राम चंद्र रेड्डी, सुधाकर और कोसा की बॉडी रिकवर की गई, जबकि चलपति और बालकृष्णा गरियाबंद मुठभेड़ में मारे गए। वहीं पड़ोसी राज्यों में गजाला रवि, माड़वी हिड़मा, विवेक मांझी, सहदेव समेत अन्य नक्सलियों की डेडबॉडी रिकवर की गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com