मध्य प्रदेश: नहर में फिसलने से 17 वर्षीय किशोर बहा, तलाश जारी… बुआ के घर घूमने आया था किशोर

रीवा: रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया विधानसभा के नौबस्ता चौकी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहाँ नहर में पैर फिसलने के कारण एक 17 वर्षीय किशोर प्रिंस साकेत पिता यज्ञनारायण साकेत गहरे पानी में बह गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुँच गई है और किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, नौबस्ता में प्रिंस साकेत पिता यज्ञ नारायण साकेत निवासी मँनगवा , जो कि नौबस्ता में अपनी बुआ के घर घूमने आया हुआ था. शुक्रवार शाम करीब 6:00 बजे वह शौच क्रिया के लिए नहर की ओर गया था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे तेज बहाव वाली नहर में जा गिरा.
बचाने कूदा 15 साल का चाचा
हादसे के वक्त प्रिंस के साथ उसका 15 वर्षीय चाचा संतोष साकेत भी मौजूद था. जैसे ही किशोर नहर में गिरा, संतोष ने जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी. हालांकि, नहर में पानी का स्तर अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण वह किशोर को पकड़ नहीं सका और देखते ही देखते आँखों से ओझल हो गया.
नौबस्ता चौकी प्रभारी ने घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी. कल रात अंधेरा और पानी ज्यादा होने के कारण किशोर का पता नहीं चल सका. शनिवार की सुबह से रीवा से आई SDRF की विशेष टीम नाव और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है.









