मरवाही में दिनदहाड़े घर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा: अंतर्राज्यीय पारधी गैंग ने चोरी को दिया अंजाम, 1 आरोपी गिरफ्तार

गौरेला पेंड्रा मरवाही: मरवाही में दिनदहाड़े घर में घुसकर लाखों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय पारधी गैंग का मरवाही पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई कर पर्दाफाश किया है.
दरअसल पूरा मामला मरवाही थाना क्षेत्र में 9 दिसंबर 2025 की शाम की है, जब बरेता वार्ड निवासी जीवन यादव के घर में चोरों ने पीछे के दरवाजे का टीन शेड तोड़कर प्रवेश किया और मात्र आधे घंटे में तीन कमरों के ताले तोड़कर करीब साढ़े सात लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 2.15 लाख रुपये नकदी चोरी कर फरार हो गए.
पुलिस अधीक्षक एस.आर. भगत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल के निर्देशन में एसडीओपी दीपक मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने 10 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टावर लोकेशन और सीडीआर के आधार पर भोपाल (मध्यप्रदेश) के पारधी गैंग तक पहुंची.
पुलिस ने मुख्य आरोपी महराणा पारधी (26 वर्ष) को भोपाल से गिरफ्तार किया, जिसने अपने साथियों पोची उर्फ योगी पारधी और जेसपाल सिंह पारधी के साथ चोरी की बात कबूल ली. चोरी का माल भोपाल के ही पप्पू उर्फ ज्ञान सिंह अहिरवार को 4.75 लाख में बेचा गया था. आरोपी महराणा ने अपने हिस्से के 19 हजार रुपये भी पुलिस को सुपुर्द कर दिए.
शेष तीनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी शनिप रात्रे, साइबर सेल प्रभारी सुरेश ध्रुव सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही.









