कोरबा के एसएस प्लाज़ा में लगी भीषण आग, कई दुकानें चपेट में; 5 दमकल वाहन मौके पर

कोरबा: शहर के मध्य स्थित व्यावसायिक परिसर एसएस प्लाज़ा में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही पूरे प्लाज़ा में धुआं फैल गया, जिससे वहां मौजूद कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पद्मिनी ज्वैलर्स, बालाजी स्टील सहित अन्य दुकानों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है.
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल वाहनों को लगाया गया है. हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं.

आग की खबर फैलते ही प्लाज़ा परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय व्यापारी और दुकानदार अपनी दुकानों को बचाने के लिए सामान बाहर निकालते नजर आए. अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.
घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है. प्राथमिक तौर पर शॉर्ट-सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी.

इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी अधिक होने की आशंका जताई जा रही है. राहत एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.









