तीन शातिर महिलाएं, एक ही तरीका और कई वारदातें… धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता

धमतरी : पुलिस ने चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है.पुलिस ने तीन शातिर महिला चोरों को इस मामले में गिरफ्तार किया है.चोरों से पुलिस ने नकदी भी बरामद की है, जिसको जब्त करते हुए तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
कोतवाली पुलिस धमतरी द्वारा दी गई जानकारी अनुसार 20 दिसंबर को सरिता त्रिपाठी पति आलोक त्रिपाठी निवासी मराठापारा अपनी बच्ची के साथ कारगिल चौक धमतरी में मकान निर्माण कार्य में लगे मजदूरों का भुगतान करने के लिए अपने बैग में 20 हजार रुपये नकदी लेकर गणेश चौक धमतरी से ई-रिक्शा में बैठकर जा रही थीं.
ई-रिक्शा सवार महिला के बैग से 20 हजार कर दिए थे पार:
इसी दौरान रामबाग के पास तीन अज्ञात महिलाओं द्वारा उसी ई-रिक्शा को रोकते हुए उसी ई-रिक्शा में बैठकर यात्रा की गई और विद्यावासिनी मंदिर के पास उतर गईं. इसके बाद जब सरिता त्रिपाठी कारगिल चौक के पास उतरकर ई-रिक्शा चालक को किराया देने लगीं, तब उन्होंने बैग देखा तो उसमें रखे 20 हजार रुपये गायब पाए.जिसकी रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई थी.वहीं पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई थी.इस दौरान गवाहों के कथन, सीसीटीवी एवं अन्य तकनीकी साक्ष्य के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की लगातार तलाश की गई.
इन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल:
तलाश के दौरान विंध्यवासिनी मंदिर के पास तीनों संदिग्ध महिलाएं घूमते मिलीं, जिन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिस पर महिलाओं ने चोरी करना कबूल किया.इसके साथ ही रायपुर में 13 जून को मदिना मस्जिद आनंद नगर से जयस्तंभ चौक के मध्य ई-रिक्शा में यात्रा के दौरान आरोपियों द्वारा प्रार्थी के बैग में रखी नकदी चोरी करना स्वीकार किया.
गिरफ्तार की गई आरोपी महिलाओं में (1) प्रिया इंचुरकर निवासी एमजी नगर तारसा रोड, थाना कन्हान, जिला नागपुर, (2) रंजू सेंडे निवासी मुंडीकोटा, घोघरा चौकी, थाना तिरोडा, जिला गोंदिया और (3) संगीता पाथरे निवासी सतरापुर, खंडरवार कंपनी, थाना कन्हान, जिला नागपुर शामिल हैं.इनके पास से 8 हजार 680 रुपये जब्त किया गया है.वहीं महिलाओं को रिमांड पर जेल भेजा गया है.









