मैहर में नाबालिगों से शराब बिक्री का VIDEO वायरल, धार्मिक स्थलों के पास अवैध कारोबार जारी; पुलिस जांच में जुटी

मैहर : जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नाबालिगों से अवैध शराब बिकवाए जाने का एक वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.वायरल वीडियो में एक नाबालिग को शराब बेचते हुए देखा जा रहा है, जिसके बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है.मामला अमरपाटन एवं ताला थाना क्षेत्र के अंतर्गत खजुरी ताल आश्रम, मानस पीठ आश्रम और पोंडी धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास का बताया जा रहा है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन धार्मिक स्थलों के समीप लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. शराब माफिया द्वारा नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल कर शराब बिकवाने की बात सामने आना बेहद गंभीर है.इससे न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.
शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा, भय का माहौल
स्थानीय निवासियों के अनुसार, शाम ढलते ही खजुरी ताल क्षेत्र के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है. शराब के नशे में आए दिन विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे आम नागरिकों, महिलाओं और श्रद्धालुओं में भय का माहौल बना रहता है.धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पहले भी दिए जा चुके हैं सख्त निर्देश
बताया जा रहा है कि रीवा आईजी द्वारा पूर्व में इस क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं.इसके बावजूद खजुरी ताल और आसपास के इलाकों में अवैध शराब कारोबार जारी रहने के आरोप सामने आ रहे हैं.वायरल वीडियो ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस जांच में वीडियो पुराना बताया
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की.पूछताछ के दौरान संबंधित महिला ने वीडियो को पुराना बताया है.
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि संबंधित मकान में एक विधवा महिला और उसकी बेटी रहती हैं.जांच के दौरान मौके से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री या अवैध शराब बरामद नहीं हुई है.हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है.
लगातार निगरानी और आगे की कार्रवाई के संकेत
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है.यदि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और समय को लेकर जांच जारी है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों के आसपास अवैध शराब कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है.









