राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव पर कड़ा शिकंजा, सालभर में 1523 चालकों पर कार्रवाई

राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। वर्ष 2025 के दौरान शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वाले 1523 चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इस दौरान नियम तोड़ने वालों पर केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि उनके मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत कर कठोर कदम उठाए गए हैं।

यातायात पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर चलाया जा रहा है। चेकिंग प्वाइंट पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की जाती है। नशे की पुष्टि होने पर मौके पर ही वाहन जब्त कर यातायात मुख्यालय में सुरक्षित रखा जाता है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाती है। अर्थदंड जमा होने के बाद ही वाहन सुपुर्द किया जाता है।

नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। वर्ष 2025 में अब तक 680 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। पिछले एक सप्ताह में 12 मामलों में कार्रवाई हुई, जबकि दिसंबर माह में 28 तारीख तक कुल 52 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

माहवार आंकड़ों के अनुसार जनवरी में 120, फरवरी में 196, मार्च में 149, अप्रैल में 111, मई में 156, जून में 136, जुलाई में 57, अगस्त में सबसे अधिक 261, सितंबर में 155, अक्टूबर में 40, नवंबर में 89 और दिसंबर में 52 मामलों में कार्रवाई की गई। आंकड़े बताते हैं कि कुछ महीनों में नशे में वाहन चलाने की घटनाएं अधिक सामने आईं।

यातायात पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। लोगों से अपील की जा रही है कि शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं और सुरक्षित विकल्प अपनाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

close