राजस्थान: घने कोहरे के कारण आमने-सामने भिड़े ट्रक और स्लीपर बस, एक की मौत; दो घायल

अलवर: राजस्थान के अलवर में घने कोहरे के बीच दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. रैणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर ट्रक और स्लीपर बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में ट्रक चालक आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान और बिलाल गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों केंटरा में सवार थे.
जानकारी के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय दृश्यता बेहद कम थी, घने कोहरे की वजह से वाहन चालकों को सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था, इसी दौरान यह टक्कर हुई. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को अवगत कराया गया.
सूचना पर रैणी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. मृतक चालक के शव को रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जबकि घायल सलमान और बिलाल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, तीनों पीड़ित अमरोहा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा माना जा रहा है.
हादसे की जानकारी मिलते ही अलवर के एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. एक्सप्रेसवे प्रशासन की पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ.









