रीवा: दहेज और प्रताड़ना की भेंट चढ़ी एक और बेटी, शादी के 8 महीने बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या

रीवा: सेमरिया थाना अंतर्गत देवगांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शादी के महज 8 महीने बाद 19 वर्षीय नवविवाहिता संध्या यादव ने ससुराल में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना के बाद मायके पक्ष ने आज दोपहर बताया कि ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और भूखा रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मृतिका के पति को हिरासत में ले लिया है.

मृतिका के चाचा शिव यादव ने बताया कि संध्या की शादी इसी वर्ष 8 मई को हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल वाले 3.5 लाख रुपये नकद और दो तोले की सोने की चेन की मांग कर रहे थे. परिजनों का आरोप है कि संध्या को पिछले तीन-चार दिनों से खाना तक नहीं दिया गया था और उसके साथ मारपीट की जाती थी. संध्या के शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही जा रही है.

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें संध्या का दर्द छलक पड़ा. उसने स्पष्ट रूप से लिखा कि उसका पति उससे तलाक की मांग कर रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी. सुसाइड नोट में लिखा है, “आप हमसे तलाक मांग रहे थे, इसलिए हम इस दुनिया को ही छोड़कर जा रहे हैं… अब हमें आप तलाक न दीजिए.”

घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com