MP के सागर का असद खान काशी में बन गया ‘अथर्व त्यागी’, कहा- महाकाल का भक्त हूं, दर्शन करने जाऊंगा

मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले असद खान ने वाराणसी में सनातन धर्म अपना लिया और अब ‘अथर्व त्यागी’ के नाम से जाने जाएंगे। अस्सी घाट पर 11 ब्राह्मणों ने आलोक योगी के साथ मिलकर उन्हें नाव पर बैठाकर गंगा के बीच मुंडन संस्कार कराया। इस दौरान गायत्री मंत्र और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका संकल्प कराया गया।
सिविल इंजीनियर असद खान ने बताया कि वह महाकालेश्वर मंदिर में दोस्तों के साथ दर्शन करने गए थे, लेकिन आईडी कार्ड दिखाने पर प्रवेश नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मुझे महाकालेश्वर से मिलने की तीव्र इच्छा थी और इसी कारण मैंने सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया। इसके बाद अपने घरवालों से इस विषय में बातचीत की, जिन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने परिवार और सनातन धर्म में से सनातन धर्म को चुना।
असद खान ने आगे बताया कि उन्होंने सनातन धर्म में शामिल होने के लिए कई देव स्थानों के लोगों से संपर्क किया, लेकिन वाराणसी की पुण्यभूमि को चुना। आलोक योगी से संपर्क करने के बाद वे काशी आए और मां गंगा की गोद में अपने नए परिवार यानी सनातन परिवार में शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि अस्सी घाट से ब्राह्मणों के साथ उन्हें गंगा में ले जाकर विधिपूर्वक संकल्प कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब एक घंटे का समय लगा। अब वे गंगा आरती देखेंगे और संकट मोचन में बजरंगबली के दर्शन करेंगे।
असद खान ने कहा कि भले ही उनका पारंपरिक परिवार और समाज उन्हें त्याग दे, लेकिन अब 100 करोड़ हिंदुओं वाला सनातन परिवार उनका अपना परिवार है। बचपन से ही मंदिरों और भजनों के प्रति उनका प्रेम रहा है और अब वह महाकालेश्वर के भक्त बन गए हैं।









