इटावा: हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, गंभीर रूप से झुलसा

इटावा: जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कन्हई में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. मकान की छत के बेहद पास से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है.
घायल युवक की पहचान किसान सुनील कुमार पुत्र जागेश्वर दयाल यादव के रूप में हुई है. बताया गया कि वह अपने मकान की छत पर दीवार ऊंची कराने का कार्य कर रहा था. इसी दौरान अचानक उसका संपर्क छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार से हो गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. करंट लगते ही युवक की चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े.
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई मकानों के ऊपर से खतरनाक ढंग से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं. इसे लेकर विद्युत विभाग से कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते तारों को हटवाया या ऊंचा कराया गया होता तो यह हादसा टल सकता था.
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. वहीं, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि गांव के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से हटाया जाए या उनकी ऊंचाई बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से लोगों की जान बचाई जा सके.









