अमेठी : एक बच्चे की मां ने चुना नया जीवन पति को छोड़ा, प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी

अमेठी : जनपद में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ प्रेम प्रसंग इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है.एक बच्चे की मां ने पति और ससुराल को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ जाने का फैसला कर लिया.मामला सामने आने के बाद परिजन, पुलिस और स्थानीय लोग हैरान रह गए.

जानकारी के अनुसार, हारीपुर निवासी रिंकी की शादी वर्ष 2020 में अमेठी कोतवाली क्षेत्र के लोनियापुर गांव निवासी शंभूनाथ से हुई थी.दंपती का एक बेटा भी है.शंभूनाथ रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहता था, जबकि रिंकी गांव में परिवार के साथ रह रही थी इसी दौरान करीब तीन महीने पहले रिंकी की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से मैनपुरी जिले के वादीनपुर, बेवर थाना क्षेत्र निवासी अमित चौहान से हुई.

सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद रिंकी ने बिना किसी को बताए घर छोड़ने का फैसला कर लिया और घर में रखे जेवरात लेकर अपने प्रेमी से मिलने दिल्ली चली गई. काफी समय तक पत्नी के घर न लौटने पर पति शंभूनाथ ने अमेठी कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने रिंकी और अमित चौहान को दिल्ली से बरामद कर लिया.इसके बाद दोनों को अमेठी कोतवाली लाया गया, जहां पूरे मामले की सच्चाई सामने आई.

थाने में पति, पत्नी और परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत और समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन रिंकी अपने फैसले पर अड़ी रही.महिला ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती और प्रेमी अमित के साथ ही जीवन बिताना चाहती है.इस दौरान रिंकी ने पति पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप भी लगाए.

वहीं पति शंभूनाथ ने पुलिस के सामने कहा कि यदि उसकी पत्नी अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाना चाहती है तो उसे कोई आपत्ति नहीं है.उसने बताया कि उसने पत्नी को सोशल मीडिया पर किसी से बातचीत करने से मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी.

उधर, प्रेमी अमित के परिवार की ओर से भी सहमति जताई गई है.अमित के भाई सोनू ने बताया कि जब अमित महिला को लेकर घर पहुंचा, तब पूरे मामले की जानकारी हुई.उन्होंने कहा कि इस रिश्ते को लेकर उनके परिवार को कोई आपत्ति नहीं है.

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दी है.मामला अब सामाजिक और पारिवारिक चर्चा का विषय बना हुआ है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com