बहराइच : हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आया ट्रैक्टर, चालक की दर्दनाक मौत

बहराइच : मूर्तिहा कोतवाली थाना क्षेत्र के नौबना गांव में मंगलवार को एक ट्रैक्टर चालक की बिजली के करंट से मौत हो गई. 20 वर्षीय अजय मिट्टी गिराते समय 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के उर्रा के मजरे केवलपुर निवासी अजय (20 वर्ष) के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय नौबना गांव में ट्रैक्टर से मिट्टी गिराने का काम कर रहा था.इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली का तार नीचे लटक रहा था, जो ट्रैक्टर के संपर्क में आ गया.
तार के संपर्क में आते ही ट्रैक्टर में तेज करंट फैल गया और अजय गंभीर रूप से झुलस गया.उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी.सूचना मिलने पर कोतवाली मूर्तिहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से हाईटेंशन बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं.इसकी शिकायत कई बार की गई थी, ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही को इस हादसे का मुख्य कारण बताया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तारों को ऊंचा कराने की मांग की है.
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.









