प्रधानमंत्री सड़क योजना की पोल खोलती तस्वीर, DM से गुहार लगाने पहुंचे ग्रामीण

सुल्तानपुर : जिले में धनपतगंज बाजार से नौगांवा तीर पुल को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में है। इस बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह उर्फ मोनू के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा.उन्होंने मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग की है.लगभग 7 किलोमीटर लंबा यह मार्ग पिछले चार वर्षों से खराब है.
यह सड़क धनपतगंज और कूड़वार ब्लॉक को जोड़ती है। इस मार्ग पर कई प्रमुख स्कूल स्थित हैं, जहां कक्षा 1 से 12वीं तक के हजारों बच्चे पढ़ने जाते हैं। जर्जर सड़क के कारण बच्चों को रोज कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है.यशभद्र सिंह ने बताया कि यह मार्ग प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत स्वीकृत हुआ था, लेकिन ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (RED) ने इसका निर्माण अधूरा छोड़ दिया.
इससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है.एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि नौगांवा तक की सड़क ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (RED) द्वारा 10 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत की गई थी.इसका कार्य 2024 में समाप्त हो चुका है, लेकिन सड़क का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है.
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं.ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर उड़ने वाली धूल के कारण हजारों लोगों को फेफड़ों से संबंधित बीमारियां हो रही हैं.इसके अलावा, खराब सड़क के कारण कई दुर्घटनाएं भी हुई हैं, जिनमें लोग घायल हुए हैं.ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग इस समस्या को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहा है, जिसके चलते 20 गांवों के लोग जिलाधिकारी से मिलने आए.
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद उन्हें शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया है.उन्होंने एक टीम गठित कर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) को मौके पर निरीक्षण कर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया.









