सुपौल में हथियार के बल पर दिनदहाड़े व्यवसायी से अपराधियों ने लूटे ढ़ाई लाख

सुपौल: थानाक्षेत्र के छिटहा मोड़ के समीप दिनदहाड़े मवेशी व्यवसायी से हथियार का भय दिखाकर तीन बाइक सवार अपराधियों ने ढ़ाई लाख रुपये छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए. तब तक सभी अपराधी घटना को अंजाम देकर भागने में सफल रहे. जिसकी सूचना थाना को दी गई.
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी ली. पीड़ित व्यवसायी द्वारा बताए गए दिशा की ओर बदमाशों की तलाश में निकल गए. जानकारी अनुसार सूर्यापुर पंचायत के वार्ड नं. 15 निवासी सरपंच हरिनंदन रजक के पुत्र दिलीप कुमार और अनिल कुमार दोनों भाई सिमराही स्थित मवेशी हाट गए थे. जहां उन्होंने अपना मवेशी बेचने के बाद लगभग ढाई लाख रुपये लेकर अपने सीएनजी ऑटो रिक्सा पर चार महिला सवारी को बैठाकर घर वापस आ रहे थे.
घर आने के क्रम में छिटहा मोड़ के समीप सामने से आ रही अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ऑटो को रुकने का इशारा किया. इशारा देखने के बाद ऑटो जैसे ही रोका तो बाइक पर सवार बदमाश बाइक से उतरते ही उनपर हथियार सटा कर पैसा मांगने लगे. जान से मारने की धमकी दी. उसके बाद बदमाशों ने पाकेट में रखे रुपया जबरन लेने के बाद तीनों बदमाश बाइक पर बैठकर पूरब की दिशा में भाग गए. वहीं थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीडित व्यवसायी द्वारा बदमाशों में से एक की पहचान की बात कहे जाने पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की कारवाई की जा रही है.
.











