बिहार में बड़ा प्रशासनिक झटका: BSSC अध्यक्ष आलोक राज ने महज 48 घंटे में दिया इस्तीफा

बिहार : कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के अध्यक्ष आलोक राज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हैरानी की बात यह है कि उन्होंने महज दो दिन पहले ही आयोग के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला था. आलोक राज के अचानक इस्तीफे से प्रशासनिक और सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
दरअसल बिहार के पूर्व डीजीपी सीनियर आईपीएस अधिकारी आलोक राज ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. आलोक राज ने हाल ही में करीब 2 दिन पहले बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी संभाली थी. लेकिन, अब आलोक राज ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.
आलोक राज ने न्यूज़ 18 से फोन पर बातचीत के दौरान अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा सामान्य प्रशासन विभाग को सौंप दिया है.
बता दें, बिहार के डीजीपी रहे सीनियर आईपीएस अधिकारी आलोक राज को बीते 31 दिसंबर के दिन ही नीतीश सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी. आलोक राज को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया था.
खास बात यह रही कि आलोक राज जैसे ही महानिदेशक (DG) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद उन्हें आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी. सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, आलोक राज अगले पांच वर्षों तक यानी 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष के पद पर बने रहना था. आलोक राज ने 2 दिन पहले ही अपने पद पर ज्वाइन किया था.











