माउंट आबू में 771 दिनों बाद 0 से -1 डिग्री तक लुढ़का पारा, जमने लगी बर्फ की परतें

सिरोही: राजस्थान में शीतलहर के चलते राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है. वहीं दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित सिरोही जिले के माउंट आबू में भी तापमान में गिरावट ने लोगों को दिनभर अलाव जलाने पर मजबूर कर दिया. माउंट आबू में पांच दिन तक तापमान 0 डिग्री सेल्सियस रहने के बाद बुधवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
प्रदेश के इस इकलौते पहाड़ी क्षेत्र में तापमान माइनस 1 डिग्री तक पहुँचने से स्थानीय लोग हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहे हैं. वहीं, माउंट आबू घूमने आए सैलानियों के चेहरे खिल उठे हैं क्योंकि उन्हें बर्फ की सफेद चादर का आनंद देखने को मिल रहा है. खुली गाड़ियों पर ओस की बर्फ जम गई है. सुबह शहर के चौराहों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं. मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है.
771 दिनों बाद माइनस में गया माउंट आबू का तापमान
माउंट आबू का तापमान करीब 771 दिनों के लंबे इंतजार के बाद माइनस में पहुंच गया है. पूरे दिसंबर में मौसम सूखा रहा, लेकिन अब सर्दी ने असली तेवर दिखाना शुरू कर दिया है. इस बार माउंट आबू में उत्तर भारत जैसा घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जो यहां आम तौर पर कम ही दिखाई देता है. कड़ाके की ठंड के बावजूद सैलानी भारी संख्या में “सफेद सर्दी” का आनंद लेने पहुंच रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ सकती है.









