राजस्थान: लव मैरिज कर सुरक्षा मांगने पहुंची युवती, SP ऑफिस के बाहर अपहरण; पुलिस पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश

भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है. कोटडी थाना क्षेत्र के लखमीनियास गांव निवासी गोपाल जाट ने बड़ला गांव की संगीता से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद युवती के परिजन नाराज चल रहे थे. बुधवार शाम प्रेमी युगल सुरक्षा की मांग और बयान दर्ज कराने के लिए एसपी कार्यालय पहुंचे थे.
इसी दौरान शिवराज जाट और उसके साथ आए कुछ लोगों ने काली स्कॉर्पियो से युवती को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया.
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सक्रिय हुए और शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई. कोटडी थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो को रोककर युवती को सकुशल मुक्त कराया गया. आरोपी डिटेन किए गए और युवती से पूछताछ की जा रही है.
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दिख रहा है कि कैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में युवती को जबरन गाड़ी में बैठाया जा रहा था और पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई. वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.









