गणतंत्र दिवस पर रायपुर में विजेता टुकड़ियों और झांकियों को मिला सम्मान

गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने परेड की सलामी ली और विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों और विभागों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सुरक्षाबलों की 17 टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट कर कार्यक्रम को भव्य रूप दिया। परेड की कमान प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी आदित्य कुमार ने संभाली। मार्चपास्ट प्रतियोगिता में केंद्रीय बलों में सशस्त्र सीमा बल को पहला, सीमा सुरक्षा बल को दूसरा और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस को तीसरा स्थान मिला।
राज्य बलों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की महिला टुकड़ी प्रथम, पुरुष टुकड़ी द्वितीय और नगर सेना की महिला टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही। एनसीसी सीनियर विंग गर्ल्स को पहला और सीनियर डिवीजन बॉयज को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान महिला बैगपाइपर बैंड, पुलिस बैंड, अश्वारोही दल और डॉग स्क्वॉड की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। महिला बैगपाइपर बैंड को प्रथम, पुलिस बैंड को द्वितीय, अश्वारोही दल को तृतीय और डॉग स्क्वॉड को चतुर्थ पुरस्कार दिया गया।
गणतंत्र दिवस पर 16 विभागों की झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को दर्शाया गया। झांकी प्रतियोगिता में ग्रामोद्योग विभाग को पहला, जेल विभाग को दूसरा और स्कूल शिक्षा विभाग को तीसरा स्थान मिला। कृषि, स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास, ग्रामीण विकास और पर्यटन विभागों की योजनाओं को भी सरल रूप में प्रस्तुत किया गया।
उद्योग विभाग की झांकी में नवा रायपुर में बन रहे एआई आधारित डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर प्लांट की जानकारी दी गई। वहीं वन विभाग ने इको-टूरिज्म, श्रम विभाग ने श्रमिक योजनाओं और शिक्षा विभाग ने डिजिटल शिक्षा की झलक दिखाई।
कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रगति, विकास और सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित नागरिकों ने सराहा।











