कांकेर में शादी के दबाव पर युवती की हत्या, बॉयफ्रेंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शादी के लिए दबाव बनाने पर एक युवक ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले युवती को मिलने के लिए बुलाया, फिर खेत में ले जाकर गला घोंटकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया। करीब दो महीने बाद कंकाल मिलने पर मामले का खुलासा हुआ।

मृतिका की पहचान संगीता उसेंडी (22) के रूप में हुई है, जो बड़े कापसी गांव की रहने वाली थी। मुख्य आरोपी उसका बॉयफ्रेंड दिनेश दुग्गा (21) है। उसके साथ दोस्त समनदीप पन्ना (20) और एक नाबालिग भी इस वारदात में शामिल था। तीनों साहडोंगरी गांव के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, दिनेश और संगीता के बीच पिछले दो से तीन साल से प्रेम संबंध था। संगीता शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी, लेकिन दिनेश उससे शादी नहीं करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।

आरोप है कि दिनेश ने संगीता को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अपने दो दोस्तों को इसमें शामिल किया। 16 नवंबर 2025 को उसने संगीता को मिलने के बहाने घर से बाहर बुलाया। इसके बाद उसे खेत की ओर ले जाकर तीनों ने मिलकर हत्या कर दी। दिनेश ने उसके पैर पकड़े, एक आरोपी ने मुंह दबाया और तीसरे ने गला घोंट दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कुछ दूरी पर झाड़ियों में छिपा दिया और सबूत मिटाने के लिए युवती का मोबाइल भी तोड़ दिया। इसके बाद वे फरार हो गए।

22 जनवरी 2026 को बड़े कापसी गांव के एक खेत में मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर कंकाल की पहचान संगीता के रूप में की गई।

पुलिस ने कॉल डिटेल और परिजनों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और दिनेश तक पहुंची। 25 जनवरी 2026 को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

close