छत्तीसगढ़ के 1022 केंद्रों पर आज TET परीक्षा, सवा तीन लाख से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ में आज शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर से सवा तीन लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा करीब दो साल बाद हो रही है। इसके लिए राज्य के 20 जिला मुख्यालयों में कुल 1022 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 12:15 बजे तक होगी, जिसमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी शामिल होंगे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5:45 बजे तक होगी, जिसमें कक्षा 6 से 8 तक के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
इस परीक्षा के लिए प्रदेशभर से कुल 3 लाख 23 हजार 183 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे अधिक आवेदन बिलासपुर से 48,625 और रायपुर से 45,919 आए हैं। रायपुर में पहली पाली में 15,573 और दूसरी पाली में 30,346 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
व्यापम द्वारा रायपुर के एक परीक्षा केंद्र में बदलाव किया गया है। मठपुरैना स्थित राधाबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय के स्थान पर मठपारा स्थित राधाबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय (दूधाधारी मंदिर के पास) को नया केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच व्यवस्था को देखते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्हें परीक्षा से एक दिन पहले केंद्र का निरीक्षण करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
ड्रेस कोड, स्वेटर, जूते और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से संबंधित नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करने और समय पर केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।










