राजिम कुंभ कल्प शुरू, माघ पूर्णिमा पर त्रिवेणी संगम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में माघ पूर्णिमा के अवसर पर राजिम कुंभ कल्प का आयोजन शुरू हो गया है। इस आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के त्रिवेणी संगम पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु सुबह 4 बजे से ही पवित्र संगम में पुण्य स्नान कर रहे हैं, जो दिनभर जारी रहेगा।

राजिम में हर साल माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक मेला लगता है। इस दौरान श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाते हैं और भगवान राजीव लोचन तथा कुलेश्वरनाथ के दर्शन करते हैं। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालु पहले स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे।

राजिम कुंभ का आयोजन पैरी, सोंढूर और महानदी के संगम स्थल पर होता है। एक तट पर भगवान विष्णु श्री राजीवलोचन विराजमान हैं, दूसरे तट पर लोमश ऋषि का आश्रम है और संगम के बीच महादेव कुलेश्वरनाथ प्रतिष्ठित हैं।

इस बार मेला स्थल पुराने स्थान से 2 किलोमीटर दूर 54 एकड़ क्षेत्र में बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और मेला क्षेत्र को 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी में रखा गया है। गरियाबंद और आसपास के जिलों से 1100 जवानों की तैनाती की गई है। प्रशिक्षित गोताखोर और फायर सेफ्टी वाहन भी मौजूद हैं।

यातायात सुगम बनाए रखने के लिए मेला स्थल के आसपास पांच से अधिक पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी मूवमेंट के लिए नया मार्ग बनाया गया है ताकि नवापारा-राजिम हाइवे जाम न हो।

close