मतदाता सूची से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस: अभिषेक सिंह राणा

सुल्तानपुर: भाजपा की घबराहट अब खुलकर सामने आ गई है. 2027 के चुनाव में तय हार को देखकर भाजपा मतदाता सूची से छेड़छाड़ जैसी घटिया और लोकतंत्र विरोधी साजिश पर उतर आई है.
जिले के कई ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि भाजपा के लोग बूथों पर जाकर बीएलओ पर दबाव बना रहे हैं, फर्जी वोट बढ़वाए जा रहे हैं और वास्तविक मतदाताओं के नाम जानबूझकर कटवाए जा रहे हैं. कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि भाजपा के लोग खुद ही मनगढ़ंत सूचियाँ तैयार कर बीएलओ से जबरन हस्ताक्षर करवा रहे हैं और प्रशासनिक मिलीभगत से उन्हें ऊपर भेजा जा रहा है. इस पूरे षड्यंत्र में भाजपा के विधायक, पदाधिकारी और कुछ अधिकारी खुलेआम शामिल हैं. इससे भाजपा का विधानसभा चुनाव 2027 में हार का डर साफ़ दिख रहा है.
इस गंभीर मामले पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने भाजपा और प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि 2027 में अपनी हार तय देखकर भाजपा बौखला गई है। जब चुनाव जीतने का रास्ता नहीं बचा, तो अब मतदाता सूची से छेड़छाड़ कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है. कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि एक भी वोट अगर गलत तरीके से काटा गया या जोड़ा गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे. जहाँ-जहाँ भाजपा के लोग बूथों पर दबाव बनाते पाए गए, उनका घेराव किया जाएगा और उनके ऊपर नामजद एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी. प्रशासन अगर भाजपा का एजेंट बनकर काम करेगा, तो उसे भी जवाब देना होगा.
श्री राणा ने आगे कहा हम कांग्रेस के सिपाही हैं लोकतंत्र और संविधान की रक्षा हमारा कर्तव्य है. भाजपा सत्ता के दम पर 2027 जीतने का सपना देख रही है, लेकिन जनता सब देख रही है और इसका जवाब आने वाले चुनाव में देगी. कांग्रेस पार्टी ने जिले भर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे हर बूथ पर चौकन्ना रहें, भाजपा की इस साजिश को नाकाम करें और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष करें.










