सीधी: खनिज माफिया पर बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला व रेत परिवहन में 3 वाहन जब्त

सीधी: कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी और सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन में प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव और देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में खनिज दल ने तहसील-रामपुर नैकिन अंतर्गत बघवार क्षेत्र में खनिज के अवैध परिवहन की जांच की.

इस दौरान शहडोल से सतना एवं अन्य क्षेत्रों की ओर बिना अभिवहन पारपत्र और आवश्यक अभिलेख प्राप्त किए कोयला परिवहन कर रहे वाहन क्रमांक UP70FT6679 और CG04PF5736 को नियमानुसार जब्त कर पुलिस चौकी पिपरांव, थाना रामपुर नैकिन परिसर में खड़ा किया गया। वाहन स्वामियों के विरुद्ध म. प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर मान. न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.

इसी प्रकार, तहसील-रामपुर नैकिन अंतर्गत शिकारगंज क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन कर रहे वाहन हाइवा क्रमांक MP18H5433 को खनिज-वन विभाग के संयुक्त दल द्वारा नियमानुसार जब्त किया गया. वाहन स्वामी/चालक के विरुद्ध वन परिक्षेत्राधिकारी सोन घड़ियाल अभयारण्य, श्री के. सी. उइके द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

सीधी कलेक्टर सोमवंशी के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न स्थलों पर अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण की शिकायतें प्राप्त होने पर खनिज दल द्वारा निरंतर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

close